फ़ॉलोअर

मंगलवार, 22 जनवरी 2019

अत्यावश्यक सूचना-अनुरोध

ब्लाॅग के पाठकों से अनुरोध..

शायद आपको मालूम हो कि अब G+ खत्म होने वाला है। अतः G+ Platform से किए गए सारे comments स्वतः ही समाप्त हो जाएंगे। परन्तु जो टिप्पणी सीधे ब्लॉग पर जाकर की जाएगी, वे आगे भी बने रहेंगे।

बाद मे जब G+ profile खुद ब खुद deactivate हो जाएंगे तो G+ से किए गए सारे कमेंट्स जो अभी तो दिख रहे हैं, बाद में  दिखने भी बंद हो जाएंगे।
आवश्यक यह है कि अपने ब्लॉग के comments setting में G+ से आनेवाले comments की सेटिंग No कर ली जाय ताकि पाठक की टिप्पणी सीधे रूप से ब्लॉग पर ही अंकित की जा सके।
भविष्य की परेशानियों से बचने हेतु मैने कुछ परिवर्तन अपने ब्लॉग "कविता जीवन कलश"  (purushottamjeevankalash.bligspot.com),  "अंतहीन" (endlesspks.blogspot.com) तथा "अवधारणा" पर आवश्यक परिवर्तन अभी से ही  कर लिए हैं ।

कुछ दिनों बाद, मैं G+ profile के स्थान पर  Blogger Profile ही use करूँगा।
आपसे अनुरोध है कि अपनी टिप्पणी आप सीधे ब्लॉग पर आकर ही अंकित करें ताकि हमारा आपसी सम्पर्क-संवाद निर्बाध रूप से चलता रहे।

सादर आभार ।

गुरुवार, 3 जनवरी 2019

मिले ग़म से अपने फ़ुर्सत तो सुनाऊँ वो फ़साना.....मुईन अहसन जज़्बी


मिले ग़म से अपने फ़ुर्सत तो सुनाऊँ वो फ़साना
कि टपक पड़े नज़र से मय-ए-इश्रत-ए-शबाना

यही ज़िन्दगी मुसीबत यही ज़िन्दगी मुसर्रत
यही ज़िन्दगी हक़ीक़त यही ज़िन्दगी फ़साना

कभी दर्द की तमन्ना कभी कोशिश-ए-मदावा
कभी बिजलियों की ख़्वाहिश कभी फ़िक़्र-ए-आशियाना

मेरे कहकहों के ज़द पर कभी गर्दिशें जहाँ की
मेरे आँसूओं की रौ में कभी तल्ख़ी-ए-ज़माना

कभी मैं हूँ तुझसे नाला कभी मुझसे तू परेशाँ
कभी मैं तेरा हदफ़ हूँ कभी तू मेरा निशाना

जिसे पा सका न ज़ाहिद जिसे छू सका न सूफ़ी
वही तार छेड़ता है मेरा सोज़-ए-शायराना
-मुईन अहसन जज़्बी 

बुधवार, 2 जनवरी 2019

छोड़ अपना आशियाना...सुरभि सोनम

IMG_7869
छोड़ कर वो घर पुराना,
ढूंढें न कोई ठिकाना,
बढ़ चलें हैं कदम फिर से
छोड़ अपना आशियाना।

ऊंचाई कहाँ हैं जानते,
मंज़िल नहीं हैं मानते।
डर जो कभी रोके इन्हें
उत्साह का कर हैं थामते।

कौतुहल की डोर पर
जीवन के पथ को है बढ़ाना।
बढ़ चलें हैं कदम फिर से
छोड़ अपना आशियाना।।

काँधे पर बस्ता हैं डाले,
दिल में रिश्तों को है पाले।
थक चुके हैं, पक चुके हैं,
फिर भी पग-पग हैं संभाले।

खुशियों की है खोज
कि यात्रा तो बस अब है बहाना।
बढ़ चलें हैं कदम फिर से
छोड़ अपना आशियाना।।

जो पुरानी सभ्यता है
छोड़ कर पीछे उन्हें अब।
किस्से जो बरसों पुराने
बच गए हैं निशान से सब।

की नए किस्सों को पग-पग
पर है अपने जोड़ जाना।
बढ़ चलें हैं कदम फिर से
छोड़ अपना आशियाना।।

कोई कहे बंजारा तो
बेघर सा कोई मानता है।
अनभिज्ञ! अज्ञात से परिचय
का रस कहाँ जानता है।

जोड़ कर टूटे सिरों को,
विश्व अपना है रचाना।
बढ़ चलें हैं कदम फिर से
छोड़ अपना आशियाना।।
- सुरभि सोनम

सोमवार, 31 दिसंबर 2018

दो महीने....शोभा रानी गोयल

वर्ष के दो महीने
दिसंबर और जनवरी

एक वर्ष के अंत में दस्तक देता है
दूसरा वर्ष के प्रारम्भ का आगाज़

जैसे दिन और रात का बनना
यादें दे जाता है
दूसरा उम्मीद की डोर साथ लाता है

एक को अनुभव है
दूसरे को विश्वास का साथ है

यूं तो दोनों एक ही जैसे हैं
जैसे एक-दूसरे की प्रतिलिपि

उतनी तारीखें
उतने ही दिन

उतना ही रात-दिन का मेल
पर पहचान दोनों ही अलग है

एक यादों का किस्सा है
दूसरा वादों का नगमा है

दोनों अपना कार्य बख़ूबी करते हैं

दिसंबर मुक्त होता है
जनवरी पूरे साल का भार ढोता है

जो दिसंबर दे जाए
जनवरी उसे सहर्ष लेता है
जनवरी को दिसंबर तक
लम्बा सफ़र करना है
वहीं दिसंबर एक ही क्षण में
जनवरी में तब्दील हो जाता है

देखा जाए तो हैं ये मात्र दो महीने
लेकिन दोनों ही शेष महीनों 
को जोड़कर रखते हैं
दोनों वक्त के राही

पर दोनों की मंजिल अलग-अलग
दोनों का काम अलग-अलग
दोनों की बात निराली है
- शोभा रानी गोयल

मंगलवार, 25 दिसंबर 2018

अमलतास......श्वेता मिश्र

छुवन तुम्हारे शब्दों की 
उठती गिरती लहरें मेरे मन की 
ऋतुएँ हो पुलकित या उदास 
साक्षी बन खड़ा है मेरे आँगन का ये अमलतास

गुच्छे बीते लम्हों की 
तुम और मैं धार समय की 
डाली पर लटकते झूमर पीले-पीले 
धूप में ठंडी छाया नहीं मुरझाया मेरे आँगन का अमलतास

सावन मेरे नैनों का 
फाल्गुन तुम्हारे रंगत का 
हैं साथ अब भी भीगे चटकीले पल 
स्नेह भर आँखों में फिर मुस्काया मेरे आँगन का अमलतास
-श्वेता मिश्र

बुधवार, 5 दिसंबर 2018

जाड़े की रात


घनी धुंध और कोहरा,थर थर काँपे गात।
काटे से कटती नहीं,यह जाड़े की रात।।

किसने घट ये शीत का, दिया रात में फोड़।
नदिया पर्वत झील सब, सोए कुहरा ओढ़।।

चौपाले सूनी पड़ी, 'धूनी' 'बाले' कौन।
सर्द हवा से हो गए, रिश्ते-नाते मौन।।

गज भर की है गोदड़ी, कैसे काटें रात।
आग जला करते रहे, 'होरी' 'गोबर' बात।।

छोड़ रजाई अब उठो, सी-सी करो न जाप।
आओ खिलती धूप से, ले लो थोड़ा ताप।।

दिन भर किरणों ने लिखे, मधुर धूप के छंद।
स्याही फेरी साँझ ने, किया तमस में बंद ।।

आज कुनकुनी धूप में, कुछ पल बैठे साथ।
रिश्तों को दे उष्णता, ले हाथों में हाथ ।।

धूप अलगनी पर टंगी, घर-घर घूमे शीत ।
चुन्नू-मुन्नू को हुई, अब चूल्हे से प्रीत ।।

वाह कुमुदिनी धन्य तू, धन्य तिहारी प्रीत।
देकर उष्मा मीत को, खुद सहती है शीत ।।

-टीकम चन्दर ढोडरिया*

गुरुवार, 29 नवंबर 2018

ख़ामोशी की आवाज...नेहा दुबे

यहाँ एक और आवाज़ है जो 
बाक़ी सुनी हुई आवाज़ों से अलग है, 
हर सुनी हुई आवाज़ को पहचानती हूँ, 
पर इस आवाज़ से अंजान हूँ,
ये आवाज़ है ख़ामोशी की आवाज़।

हाँ, ख़ामोशी की आवाज,
कोई अल्फाज़ नहीं हैं इसके
ना कोई आवाज़,
ऊपर से शांत होते हुए भी 
भीतर ही भीतर कितनी आवाज़ें हैं इसकी
क्या ये धड़कनों की आवाज़ है 
या मन मे चलते ख़्यालों की 
या कुछ और जिन से मैं खुद भी अनजान हूँ।

पर ये जो ख़ामोशी की आवाज़ है,
शाम को सुनसान सड़क से आती 
साँय साँय करते झीगुरों की आवाज़ों से,
अँधेरे के सन्नाटे को चीर कर आती
सियारों की हुआँ हुआँ की आवाज़ों से,
दूर से भौंकते कुत्तों की भौं भौं से,
भी कहीं ज़्यादा डरावनी होती हैं।

सुना है कि ख़ामोशी की इन
आवाज़ को हमें सुनना चाहिए,
मैं भी सुन रही हूँ, ख़ामोशी की आवाज़ों को
कोई भी आवाज़ साफ़ नहीं है।

कुछ आवाज़ों का पीछा करते
बड़ी दूर निकल जाती हूँ, और
फिर वो आवाज़ेंअँधेरे में कहीं
गुम जाती हैं, और मैं भी...
ऐसा कुछ वक़्त तक चलता है,
और फिर कोई आवाज़ मुझे 
उजाले की दहलीज़ पर छोड़ जाती है -
बस मैं इस रात के मंज़र में
यूँ ही आवाज़ों के बीच खेल रही हूँ।
ये आवाज़ें कैसी हैं
जिन्हें मैं सुन रही हूँ नहीं पता
ये आवाज़ें ही हैं, या शोर है, 
ख़ामोशी है, या सन्नाटा क्या है ये??
ये तो ज़ेहनी मिज़ाज़ ही तय करेगा मेरा
किसे क्या बनाना है,
पर ये आवाज़ें कभी बंद नहीं होंगी 
और ना ही ख़त्म होंगी, 
ये आती रहेंगी, 
बस कभी धीमी हो जाएँगी, 
तो कभी तेज़ आवाज में चीखेंगी चिल्लाएँगी, 
कभी बाहर से आती आवाज़ों में,
तो कभी अंदर से आती ज़ेहनी आवाज़ों में।
- नेहा दुबे

छठ पर तैयार करें खस्ता ठेकुआ

गुड़, गेहूं के आटे और सौंफ से बनेगा स्वादिष्ट ठेकुआ छठ पर तैयार करें खस्ता ठेकुआ चित्र गूगल से छठ पूजा का त्योहार आते ही घरों में इसकी तैयार...