फ़ॉलोअर

शनिवार, 31 मार्च 2018

जिसका जितना आँचल था....मीना कुमारी


टुकड़े-टुकड़े दिन बीता, धज्जी-धज्जी रात मिली
जिसका जितना आँचल था, उतनी ही सौगात मिली 

रिमझिम-रिमझिम बूँदों में, ज़हर भी है और अमृत भी
आँखें हँस दीं दिल रोया, यह अच्छी बरसात मिली 

जब चाहा दिल को समझें, हँसने की आवाज़ सुनी
जैसे कोई कहता हो, ले फिर तुझको मात मिली 

मातें कैसी घातें क्या, चलते रहना आठ पहर
दिल-सा साथी जब पाया, बेचैनी भी साथ मिली 

होंठों तक आते आते, जाने कितने रूप भरे
जलती-बुझती आँखों में, सादा-सी जो बात मिली
स्मृतिशेष मीनाकुमारी
1 अगस्त - 31 मार्च

शुक्रवार, 30 मार्च 2018

मन लताऐं बहकी सी....कुसुम कोठारी

कदम बढते गये बन
राह के साझेदार 
मंजिल का कोई
ठिकाना ना पड़ाव, 
उलझती सुलझती रही
मन लताऐं बहकी सी
तन्हाई मे लिपटी रही
सोचों के विराट वृक्षों से 
संगिनी सी, 
आशा निराशा मे
उगता ड़ूबता
भावों का सूरज
हताशा और उल्लास के
हिन्डोले मे झूलता मन 
कभी पूनम का चाॅद
कभी गहरी काली रात
कुछ सौगातें
कुछ हाथों से फिसलता आज
नर्गिस सा, बेनूरी पे रोता
खुशबू पे इतराता जीवन, 
कभी भरी महफिल
कभी बेनाम तन्हाई।
-कुसुम कोठारी

सोमवार, 26 मार्च 2018

बनबाला के गीतों सा.....महादेवी वर्मा...

26 मार्च 1907-11 सितम्बर 1988
छायावाद की एक प्रमुख स्तम्भ 
पद्म विभूषण महादेवी वर्मा 
की जयंती के अवसर पर 
उन्हें शत शत नमन और श्रद्धाजंलि।

प्रस्तुत है उनकी एक रचना
बनबाला के गीतों सा
निर्जन में बिखरा है मधुमास,
इन कुंजों में खोज रहा है
सूना कोना मन्द बतास।

नीरव नभ के नयनों पर
हिलतीं हैं रजनी की अलकें,
जाने किसका पंथ देखतीं
बिछ्कर फूलों की पलकें।

मधुर चाँदनी धो जाती है
खाली कलियों के प्याले,
बिखरे से हैं तार आज
मेरी वीणा के मतवाले;

पहली सी झंकार नहीं है
और नहीं वह मादक राग,
अतिथि! किन्तु सुनते जाओ
टूटे तारों का करुण विहाग।


बुधवार, 21 मार्च 2018

उम्मीद....पूजा


जुम्मन मियां की बकरी
जो नीम के साये तले
खूंटे से बंधी थी
ज्यूँ , आज के समाज की नारी
अपनी ही कैद में जकड़ी थी

जुम्मन मियां देते थे उसे
सुबह- शाम चारा
कभी- कभी टहला कर 
दिखा देते थे नजारा

यहीं पा रही है नारी भी आज
खुलकर भी वहीं बंधी है आज
बकरी तो फिर भी मिमिया लेती है
जुम्मन मियां का प्यार पा लेती है

किन्तु ---
नारी तो बंधी है खूंटे से बेआवाज
अपनी ही मूकता का ना जान सकी राज
मैं भी वहीं हूँ जो आज की नारी है

आह ! -- 
मुझसे आगे तो जुम्मन मियां की बकरी है
जो मिमिया तो लेती है
खुली हवा में टहलकर 
कुछ पा तो लेती है

पर मैं -- 
अवश , बेबस, असहाय सी
अपने ही घेरे में कैद
बेआवाज सिसक रही हूं
अपनी स्थिति पर आंसू बहा रही हूं

फकत जुम्मन मियां की बकरी सी
तक़दीर पाने की उम्मीद में
वही गुमनाम जीवन बिता रही हूं ।।


©पूजा

मंगलवार, 20 मार्च 2018

.लोग सच कहते हैं.....ज्योत्सना मिश्रा




लोग सच कहते हैं -
औरतें बेहद अजीब होतीं है

रात भर पूरा सोती नहीं
थोड़ा थोड़ा जागती रहतीं है
नींद की स्याही में
उंगलियां डुबो कर
दिन की बही लिखतीं
टटोलती रहतीं है
दरवाजों की कुंडियाॅ
बच्चों की चादर
पति का मन..
और जब जागती हैं सुबह
तो पूरा नहीं जागती
नींद में ही भागतीं है

सच है, औरतें बेहद अजीब होतीं हैं

हवा की तरह घूमतीं, कभी घर में, कभी बाहर...
टिफिन में रोज़ नयी रखतीं कविताएँ
गमलों में रोज बो देती आशाऐं

पुराने अजीब से गाने गुनगुनातीं
और चल देतीं फिर
एक नये दिन के मुकाबिल
पहन कर फिर वही सीमायें
खुद से दूर हो कर भी
सब के करीब होतीं हैं

औरतें सच में, बेहद अजीब होतीं हैं

कभी कोई ख्वाब पूरा नहीं देखतीं
बीच में ही छोड़ कर देखने लगतीं हैं
चुल्हे पे चढ़ा दूध...

कभी कोई काम पूरा नहीं करतीं
बीच में ही छोड़ कर ढूँढने लगतीं हैं
बच्चों के मोजे, पेन्सिल, किताब
बचपन में खोई गुडिया,
जवानी में खोए पलाश,

मायके में छूट गयी स्टापू की गोटी,
छिपन-छिपाई के ठिकाने
वो छोटी बहन छिप के कहीं रोती...

सहेलियों से लिए-दिये..
या चुकाए गए हिसाब
बच्चों के मोजे, पेन्सिल किताब

खोलती बंद करती खिड़कियाँ
क्या कर रही हो?
सो गयी क्या ?
खाती रहती झिङकियाँ

न शौक से जीती है ,
न ठीक से मरती है
सच है, औरतें बेहद अजीब होतीं हैं ।

कितनी बार देखी है...
मेकअप लगाये,
चेहरे के नील छिपाए
वो कांस्टेबल लडकी,
वो ब्यूटीशियन,
वो भाभी, वो दीदी...

चप्पल के टूटे स्ट्रैप को
साड़ी के फाल से छिपाती
वो अनुशासन प्रिय टीचर
और कभी दिख ही जाती है
कॉरीडोर में, जल्दी जल्दी चलती,
नाखूनों से सूखा आटा झाडते,

सुबह जल्दी में नहाई
अस्पताल मे आई वो लेडी डॉक्टर
दिन अक्सर गुजरता है शहादत में
रात फिर से सलीब होती है...

सच है, औरतें बेहद अजीब होतीं हैं

सूखे मौसम में बारिशों को
याद कर के रोतीं हैं
उम्र भर हथेलियों में
तितलियां संजोतीं हैं

और जब एक दिन
बूंदें सचमुच बरस जातीं हैं
हवाएँ सचमुच गुनगुनाती हैं
फिजाएं सचमुच खिलखिलातीं हैं

तो ये सूखे कपड़ों, अचार, पापड़
बच्चों और सारी दुनिया को
भीगने से बचाने को दौड़ जातीं हैं...

सच है, औरतें बेहद अजीब होतीं हैं ।

खुशी के एक आश्वासन पर
पूरा पूरा जीवन काट देतीं है
अनगिनत खाईयों को
अनगिनत पुलो से पाट देतीं है.

सच है, औरतें बेहद अजीब होतीं हैं ।

ऐसा कोई करता है क्या?
रस्मों के पहाड़ों, जंगलों में
नदी की तरह बहती...
कोंपल की तरह फूटती...

जिन्दगी की आँख से
दिन रात इस तरह
और कोई झरता है क्या?
ऐसा कोई करता है क्या?

सच मे, औरतें बेहद अजीब होतीं हैं..
-ज्योत्सना मिश्रा
वैचारिकी  संकलन
प्रस्तुतिः नीतू ठाकुर, 

गुरुवार, 8 मार्च 2018

तुम कनक किरन.................जयशंकर प्रसाद

तुम कनक किरन के अंतराल में
लुक छिप कर चलते हो क्यों ?

नत मस्तक गवर् वहन करते
यौवन के घन रस कन झरते
हे लाज भरे सौंदर्य बता दो
मोन बने रहते हो क्यो?

अधरों के मधुर कगारों में
कल कल ध्वनि की गुंजारों में
मधु सरिता सी यह हंसी तरल
अपनी पीते रहते हो क्यों?

बेला विभ्रम की बीत चली
रजनीगंधा की कली खिली
अब सांध्य मलय आकुलित दुकूल
कलित हो यों छिपते हो क्यों?
-जयशंकर प्रसाद

बुधवार, 7 मार्च 2018

ज़ख़्म......तरूण सोनी "तन्वीर"


खोदता है
जब भी
हृदय की ज़मीन को
दर्द की कुदाल से
तब
फूटता है
एक स्रोत
शब्दों का।

और
स्फुटित होती है
स्वतः
आहों और
वेदना की स्वरलहरों से
कविता
जो करती है माँग
नये इन्क़लाब की
मरता देख
इन्सानियत को
इन मरी आत्मा वाले
ज़िन्दा इन्सानों से।।

-तरूण सोनी "तन्वीर"

एक छोटी सी मदद, दिलों के बीच इतना बड़ा रिश्ता बना देती है

  पड़ोसन चीनी मांगने आई… बहू ने मना कर दिया शाम का समय था। आंगन में हल्की ठंडी हवा चल रही थी। रसोई में नई-नई बहू नेहा रात के खाने की तैयारी ...