फ़ॉलोअर

सोमवार, 16 जुलाई 2018

उम्मीद का दीपक ....नीतू ठाकुर




चल सखी उम्मीद का 
दीपक जलाते हैं 
हम हम कदम हम राह बनकर 
मुस्कुराते हैं 
न जाने कितने ख्वाब और 
अरमाँ हैं इस दिल में 
चल वही अरमाँ 
तेरे दिल में बसाते हैं 
कुछ भी नही है पास 
शब्दों के सिवा मेरे 
ओठों पे बस जाएं 
उन्हें ऐसे सजाते हैं 
खो न जायें हम कहीं 
दुनिया की भगदड़ में 
एक नई पहचान 
दुनिया में बनाते हैं 

- नीतू ठाकुर 

रविवार, 15 जुलाई 2018

"अन्वेषण"......डॉ. गोपाल नारायन श्रीवास्तव

मेघ भी है, आस भी है और आकुल प्यास भी है,
पर बुझा दे जो हृदय की  आग वह पानी कहाँ है ?

स्वाति जल की कामना में,पी कहाँ?'का मंत्र पढ़कर 
बादलो  को जो रुला दे, मीत !वह मानी कहाँ है ?

क्षत-विक्षत है उर धरा का,रस रसातल में समाया,
सत्व सारा जो लुटा दे, अभ्र वह दानी कहाँ है ?

पार नभ के लोक में, जो बादलो पर राज करता,
छल-पराक्रम का धनी वह इंद्र अभिमानी कहाँ है ?

मौन  पादप, वृक्ष नीरव, वायु चंचल, प्राण व्याकुल
इन्द्रधनुषी इस रसा का रंग वह धानी कहाँ है ?

सृष्टि  भीगे, रूप सरसे, जिस सुहृद से नेह बरसे,  
उस पिघलते मेह जैसे वीर का सानी कहाँ है ?  

कुछ  सरस है,  विरस भी, तृप्त कोई, दृप्त कोई 
नियति जल कि थाह लेता जीव अज्ञानी कहाँ है  ?
-डॉ. गोपाल नारायन श्रीवास्तव

शनिवार, 14 जुलाई 2018

संकल्प......दीपाली ठाकुर (दीपशिखा)

image not displayed
संकल्प
मन विचलित 
मत करना अपना
कुछ विलंब जो
हो जाये,
कुछ नही 
संसार मे ऐसा
जो तू ठान के 
ना कर पाए,
ज्ञान तुझे हो 
लक्ष्य का अपने
कसकर कमर 
जो तू चल जाये,
फिर कुछ नही है
संसार मे जो तू
चाह के ना कर पाये,
कमी कहीं रह जाए
तो पुनः प्रयास करें
मन निराश न कर 
अपना,दुगुना फिर
उत्साह भरे,
माना बड़ी मुश्किल
डगर है,
बहुत कठिन 
तेरा सफर है,
पर तु सोच
जरा मन में
हमने क्यूँ 
मानव तन पाए
मन  विचलित 
मत करना अपना
कुछ  विलंब
जो हो जाए
है तुझमे 
इतना बल
जगा अपनी
धमनीऔर शिराएं
करले दृढ़ "संकल्प"
बना स्वयं
हस्तरेखाएँ 

दीपाली ठाकुर (दीपशिखा)
रायपुर छत्तीसगढ़

गुरुवार, 28 जून 2018

दर्द का समंदर....अभिलाषा चौहान


जब टूटता है दिल
धोखे फरेब से
अविश्वास और संदेह से
नफरतों के खेल से
तो लहराता है दर्द का समंदर
रह जाते हैं हतप्रभ
अवाक् इंसानों के रूप से
सीधी सरल निष्कपट जिन्दगी
पड़ जाती असमंजस में
बहुरूपियों की दुनिया फिर
रास नहीं आती

उठती हैं अबूझ प्रश्नों की लहरें
आता है ज्वार फिर दिल के समंदर में
भटकता है जीवन
तलाशते किनारा
जीवन की नैया को
नहीं मिलता सहारा

हर ओर यही मंजर है
दिल में चुभता कोई खंजर है
मरती हुई इंसानियत से
दिल जार जार रोता है
ऐसे भी भला कोई
 इंसानियत खोता है
जब उठता दर्द का समंदर
हर मंजर याद आता है
डूबती नैया को कहां
साहिल नजर आता है!!!
-अभिलाषा चौहान


बुधवार, 27 जून 2018

बूढ़ी आंखें.....अनुराधा चौहान


परदेश में बसे हुए बच्चों की राह देखते हुए गांव में बसे बूढ़े मां-बाप के दर्द को कविता के द्वारा व्यक्त करने की कोशिश की है ।
बूढ़ी आंखों में आंसू
झुर्रियों से भरा चेहरा
मन के कोने में दबी आशा
पगडंडियों को निहारती आंखें

हर आहट बैचेन करती
शायद अब आए बच्चे मेरे
चारपाई पर बैठ यही सोचते
बीत रहे साल दर साल
बड़े जतन से था पाला
पूरी की थी हर ख्वाहिश
बुढ़ापे का बनेंगे सहारा
सोचकर भेजा था परदेश

वो घर से बाहर क्या निकले
बाहर की दुनिया में खो गए
अपनी गृहस्थी बसा कर वो
मां-बाप की दुनिया भूल गए

शायद वापस न आए तो
सोचकर मन घबरा जाए
बूढ़ी आंखों से छलक कर
आंसू गालों पर आ जाएं

-अनुराधा चौहान


मंगलवार, 26 जून 2018

सुरमई शाम का मंज़र....कुमार अनिल

सुरमई शाम का मंज़र होते, तो अच्छा होता
आप दिल के भी समंदर होते, तो अच्छा होता

बिन मिले तुमसे मैं लौट आया, कोई बात नहीं
फिर भी कल शाम को तुम घर होते, तो अच्छा होता

माना फ़नकार बहुत अच्छे हो तुम दोस्त मगर
काश इन्सान भी बेहतर होते , तो अच्छा होता

हम से बदहालों, नकाराओं, बेघरों के लिए
काश फुटपाथ ये बिस्तर होते, तो अच्छा होता

मैं जिसमे रहता भरा ठंडे पानियों की तरह
आप माटी की वो गागर होते, तो अच्छा होता

यूँ तो जीवन में कमी कोई नहीं है, फिर भी
माँ के दो हाथ जो सर पर होते, तो अच्छा होता

तवील रास्ते ये कुछ तो सफ़र के कट जाते
तुम अगर मील का पत्थर होते, तो अच्छा होता

तेरी दुनिया में हैं क्यूँ अच्छे-बुरे, छोटे-बड़े
सारे इन्सान बराबर होते तो, अच्छा होता

इनमें विषफल ही अगर उगने थे हर सिम्त 'अनिल'
इससे तो खेत ये बंजर होते , तो अच्छा होता
-कुमार अनिल 

रविवार, 24 जून 2018

बीजांकुर....कुसुम कोठारी

जलधर भार से नीचे झुके
चंचल हवा ने आंचल छेड़ा
अमृत बरसा तृषित धरा पर
माटी विभोर हो सरसी हुलसी
हृदय तल मे जो बीज थे रखे
उन्हें प्यार से सींचा स्नेह दिया
क्षिती दरक ने लगी अति नेह से
एक बीजांकुर प्रस्फुटित हुवा
सहमा सा रेख से बाहर झांके
खुश हो अंगड़ाई ली देखा उसने
चारों और उसके जैसे नन्हे नरम,
कोमल नव पल्लव चहक रहे
धरित्री की गोद पर खेल रहे
पवन झकोरों पर झूल रहे
  अंकुर  मे  स्फुरणा जगी
अंतः प्रेरणा लिये बढता गया।

सच ही है धरा को चीर अंकुर
जब पाता उत्थान है
तभी मिलता मानव को
जीवन का वरदान
सींचता वारिध उस को
कितने प्यार से
पोषती वसुंधरा , करती
उसका श्रृंगार है
एक अंकुर के खिलने से
खिलता संसार है।
-कुसुम कोठारी

एक छोटी सी मदद, दिलों के बीच इतना बड़ा रिश्ता बना देती है

  पड़ोसन चीनी मांगने आई… बहू ने मना कर दिया शाम का समय था। आंगन में हल्की ठंडी हवा चल रही थी। रसोई में नई-नई बहू नेहा रात के खाने की तैयारी ...