मै तो तेरा अंश हूँ मैया
कर मुझको स्वीकार
मुझे दे जीने का अधिकार
न जाने कब क्या हो जाये
सोच के मेरा मन घबराये
तुझसे मै कुछ कह ना पाऊँ
पर तुझको कैसे समझाऊँ
मै तो तेरा अंश हूँ मैया.....
भूल हुई क्या मै ना जानूं
मै तो बस तुझको पहचानूं
तेरी गोद में सोना चाहूँ
तुझसे लिपटकर रोना चाहूँ
मै तो तेरा अंश हूँ मैया.....
चाहे मुझसे प्यार न करना
चाहे लाड दुलार न करना
पर दुनिया जब तुझसे बोले
मौत मेरी स्वीकार न करना
मै तो तेरा अंश हूँ मैया.....
क्यों डरती हो तुम दुनिया से
मै किसका क्या ले जाऊँगी
हाथ बटाऊँगी मै तेरा
नाम तेरा मै कर जाऊँगी
मै तो तेरा अंश हूँ मैया.....
दुनिया बन बैठी है दुश्मन
लेकिन तुझको लड़ना होगा
मेरी नन्ही जान की खातिर
थोड़ा दर्द तो सहना होगा
मै तो तेरा अंश हूँ मैया.....
-नीतू ठाकुर
